गुरुवार, 19 मार्च 2020

क्लास रूसी भाषा की






सुबह उठते ही तैयार हो स्कूटर दौड़ाया बॉटेनिकल गार्डेन की तरफ.....इंतजार कर रहे अपने माली दोस्त को पकड़ा....और एक-एक कर आठ गुलदस्ते बनवा लिये.....अलग-अलग फूलों के....फिर रेलवे स्टेशन....पता किया....ट्रेन तीन नंबर प्लेटफार्म पर....गुलस्ते इतने कि खुद भी चलता-फिरता गुलदस्ता ही नजर आ रहा......दो-दो सीढ़ियां फलांदते चढ़ा....उतरा.....एक बोगी के सामने कई सारे लड़के-लड़कियां खड़े थे....और वो दरवाजे पर खड़ी मुस्कुरा रही थीं....देखा तो उतर कर आना ही था....तुम कितने पागल हो....एक-दो नहीं... पूरा बाग खरीद लाए....हांफते हुए...एक के बाद एक गुलदस्ता उन्हें देता जा रहा....आखिर वो भी कितने थामतीं....बस-बस...अब मैं कितने पकड़ूं......अपना ध्यान रखना...एक ही साल की तो बात है......

चौदह महीने बाद.......

रवींद्रालय में कोई फंक्शन....खत्म होने के बाद बाहर निकलते ही वो सामने......वही दिलकश मुस्कान ....कैसे हो.....मैं पिछले महीने ही लौटी.....शादी की बहुत बहुत मुबारक ....मैं नाइजीरिया न जाती तो तुम डिप्लोमा तो कर ही लेते.....और............शायद..........मैं समझ गया....वाक्य भी पूरा कर दिया था उन्होंने.....

और दो साल बाद.........

पहले दिल्ली और अब लखनऊ नवभारत टाइम्स में.......एक सुबह कुछ लड़कियां पूछते हुए आयीं....आपके लिये मैडम ने यह कार्ड भिजवाया है......जरूर आइयेगा.......उसी पीजी ब्लॉक में कोई वार्षिक उत्सव.....चुपचाप पीछे बैठ गया....खत्म होने पर उनके सामने......अब तो ज्वायन कर लो हमें... डिप्लोमाधारी हो जाओगे....कितना जुनून था रशियन को लेकर! बस..........मुस्कुरा दिया........


राजीव मित्तल

लखनऊ विश्वविद्यालय में घुसने की यह तीसरी कोशिश......इंटर करने के बाद वहां के चार-पांच चक्कर लगा कर कान्यकुब्ज कॉलेज में.....दोबारा..डॉ. एनएन श्रीवास्तव के सौजन्य से पीएचडी में रजिस्ट्रेशन ...बैठने को लायब्रेरी के पीछे लम्बा-चौड़ा हॉल......मॉनेट्री की मोटी-मोटी किताबों में दो महीने झक मार कर हाथ जोड़ लिये....भाग तो पहले ही लेता......लेकिन वहां अपनी सखि दिख गयी काफी दिनों बाद ........एमएड कर रही थी....खूब बतकही....खाना साथ ही खाते....उसके टिफिन में से...फिर वो भी चली गयी......बैंक औफ़िसरी

में......... अब सीधे एपीसेन रोड ..... डॉ. सेनगुप्ता के बंगले में......पीएचडी छोड़ नाटक का शौक सवार.......

एक साल बाद नौकरी में...... उन दिनों अपनी बहन जी पता नहीं क्या क्या कर रही थीं.....पीएचडी भी...डबल एम ए भी.....और रूसी भाषा में डिप्लोमा भी.........रूसी लेखकों का तो पहले से दीवाना था......सपने में प्रिंस मीश्किन बन सेंट पीटर्सबर्ग में घूमता ...न जाने कितनी बार ट्रांस सायबेरियन रेलवे में बैठ मास्को से ब्लादिवोस्तक की सैर......कुप्रीन की ओलस्या तो जहन ही में समायी हुई थी...

काफी मिन्नतों के बाद बहन जी ले गयीं रशियन क्लास में.......मैडम........देखते ही..... फूल ही फूल खिल उठे मेरे पैमाने में.....मुगलई चेहरा...छोटे बाल....ठीक कद-काठी.....कुल मिलाकर ऐसी शख्सियत.......कि देखते ही गुनगुनाने का मन करे.....तो आप अपनी बहन जी को लेकर आए हैं सिफारिश के लिये....क्या कर रहे हैं......सूचना विभाग में सब एडिटर.........सरकारी नौकरी में...लगते तो नहीं सर्विस वाले...आपको नो ऑब्जेक्शन
सर्टिफिकेट लाना होगा.....

फार्म और सब कागजात के साथ फिर मैडम के सामने.....पढ़ के ही मानेंगे रूसी....फार्म पर दस्तखत किये......टाइम का एडजस्टमेंट कर लेंगे ना...अब आप मेरे स्टूडेंट हैं.....सब डिप्लोमा वाले बैठे थे तब...अपनी शुरुआत थी प्रोफिशिएंसी से....ये सब आपके सीनियर हैं.....आपकी बहन के साथ के.....इज्जत बख्शियेगा इन्हें.....

क्लास का पहला दिन.....पढ़ने .....लिखने की लिपि अलग-अलग......संस्कृत की तरह रूप......सब कुछ अपने मिजाज के खिलाफ......लेकिन क्या स्टाइल था उनका....समझाने का तरीका.... बाप रे बाप....चार-पांच दिन में वाक्य बनाने आ गये....कुछ ही दिन में गलत-सलत बोलना भी.....घर में बहन मंजे हुए अंदाज में रूसी बोलती..... तो भाई क से कबूतर वाले अंदाज में........अब होड़ थी समय से....मैडम के और करीब आना है .....बहन को पछाड़ना है.......पूरा दिन भरा-भरा सा रहता.....

अमृत प्रभात लखनऊ से निकलने लगा था........विदेशी मामलों पर कुछ लिख कर सम्पादक को दे दिया.....दो ही दिन बाद छप भी गया......मैडम की नजरों में चढ़ने को ज़बरदस्त उछाल.......

रूसी भाषा पर अपना हर स्ट्रोक सही पड़ रहा......कुछ दिनों बाद लेकिन मामला गड़बड़ाने लगा.....मैडम कुछ पूछतीं जवाब कुछ होता......कैलाश हॉस्टल के पीछे टीचर्स कॉलोनी......घर बुलाया एक दिन....कॉफी पिलायी...आप बहुत जल्दी ज्यादा से ज्यादा सीखने के चक्कर में पड़ गये हैं...इसलिये यह गड़बड़ी हो रही है.......हम जानते हैं आप बहुत अच्छा करेंगे....लेकिन धीमे-धीमे चलिये.....फिर इधर-उधर की...रिसर्च
की.....जो कुप्रीन और राजेन्द्र सिंह बेदी की कहानियों पर.....कई साल साल सोवियत संघ में गुजारे......चलते समय कई सीडी दीं......उच्चारण सही करने को........

जल्द ही यह कठिन विदेशी भाषा बिल्कुल अपनी लगने लगी....सोचना भी शुरू कर दिया......मन ही मन वाक्य बनने लगे.......लेकिन ससुरी इन गर्मी की छुट्टियां का क्या किया जाए ......दो महीने बगैर अपनी टीचर के........ सुबह सात बजे से नौ बजे का टाइम काटना मुश्किल....बाकी समय ऑफिस में उनकी याद ....रात में बहन से उनकी चर्चा..........दो महीने की शामें गोमती किनारे.... गंजिंग.....जॉन निंग और मेफेयर टॉकीज में किसी तरह खपायीं......

यूनिवर्सिटी खुलते ही फिर सब हरा भरा .....लेकिन अब एग्जाम करीब.......मौखिक परीक्षा में रूसी दूतावास का कोई अफसर.....सामने मैडम की मुस्कुराती आँखें ....बिल्कुल मत घबराना..मैं हूं न.......जरूरत से ज्यादा ही झाड़ दी रूसी.......बाद में.....तुम नहीं मानोगे...क्या जरूरत थी इतना सब कहने की....कुछ गलत हो जाता तो.....अब लिखित परीक्षा.....एस्से आया.... मेरा दोस्त.....याद किया था.... मेरा शहर....भाड़ में गयी फिक्र.....अपने दोस्त को स्टेशन से पकड़ पूरा शहर ही घुमा दिया.......

अब...........रिजल्ट आते ही बुलावा ....खूब गुनगुनाते थे न जब मैं सीढ़िया चढ़ती थी.....हाथ में सिगरेट भी...लेकिन....लेकिन तुमने बहुत ही अच्छा किया.......डिप्लोमा भी बढ़िया हो....समझे......फिर एक दिन क्लास में.....अब मैं आप सभी से एक साल बाद मिलूंगी.......बहुत समय बाद इतना अच्छा बैच....पर... जाना है...हो सकता है एक साल के लिये डिप्लोमा क्लास न हों.....कोई बात नहीं......एक घंटा भी देंगे तो कुछ भूलेंगे नहीं.....आपस में जब मिलें रूसी जरूर बोलें...........................................................दस्विदानिया.......



रफ़्तार के मज़े


राजीव मित्तल
मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे अयाजुद्दीन की मौत एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि हम रफ्तार के मज़े ...उसकी तासीर को समझे बिना... लेने में मशगूल हैं। हमारे देश के युवा ही नहीं बल्कि, हमारे नियोजक, बाजार के कर्ताधर्ता और यहां तक कि हमारी सरकार भी रफ्तार के अनियंत्रित खेल में खुल कर अपनी भागीदारी निबाह रही है। उभरता क्रिकेटर अयाजुद्दीन जिस मोटरसाइकिल को चला रहा था, उसको स्टार्ट करते समय ही यह ध्यान रखने की जरूरत थी कि सौ मीटर दूर तक सड़क बिल्कुल खाली हो, क्योंकि वो मोटरसाइकिल दस सैकेंड के अंदर ही सौ किलोमीटर की रफ्तार पकड़ लेती है। और उसकी अधिकतम स्पीड 250 किलोमीटर प्रति घंटे की है। अयाजुद्दीन के कॉलेज के प्रिंसपिल का कहना था कि उसे कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। लेकिन उसकी नासमझी ने उसे मौत के आगोश में ढकेल दिया।
अब आइये इस महत्वपूर्ण सवाल पर कि क्या हमारे देश की सड़कें या ट्रैफिक इस लायक हैं कि उन सड़कों पर और भेड़िया धसान ट्रैफिक की मौजूदगी में हजार सीसी की मोटरसाइकिल दौड़ायी जाए। इस कदर रफ्तार वाले वाहनों को चलाने के लिये विदेशों में कई नियम कानून हैं। उनके लिये ट्रैक अलग होते हैं। आम सड़कों पर इनको चलाने की सख्त मनाही है। लेकिन हमारे देश में अगर नहीं है तो वह है कोई भी और कैसा भी नियम कानून। ऊपर से इस अराजक माहौल को हवा दे रहा है इस देश का विकसित देशों से होड़ लेता बेहद बाज़ारूबाजार। जिसने ऐसे वाहनों से देश की सड़कों को पाट दिया है। देश के युवाओं को ललचाने के लिये विज्ञापनों पर अरबों रुपया फूंका जा रहा है। महेन्द्र सिंह धोनी, जॉन अब्राहम, अक्षय कुमार जैसे न जाने कितने आकर्षक और बिकाऊ चेहरों को खोज-खोज कर रफ्तार को आउट आॅफ कन्ट्रोल करने की तो एक तरह से मुहिम ही चलायी जा रही है। विज्ञापन का बाजार आज इतना आकर्षक और जेब भराऊ हो गया है कि क्रिकेट खिलाड़ी, फिल्म अभिनेता-अभिनेत्रियां और पेज थ्री के चेहरे तो करोड़ों पीट ही रहे हैं, देश का हर चैनल और अखबार इन विज्ञापनों को हासिल करने के लिये कतार में झोली फैलाए खड़ा है।
दुनिया भर में युवा शक्ति का सिरमौर बन हमारा देश इतरा तो खूब रहा है लेकिन उसे यह नहीं सूझ रहा कि इस ताकत का देश के सर्वांगीण विकास के लिये इस्तेमाल किया कैसे जाए। इसीलिये हम जैसे मानसून की बारिश का पानी का इस्तेमाल करने के बजाए उसे गंदे नाले नालियों में बह जाने दे रहे हैं, उसी अंदाज में हम युवा शक्ति को जाया कर रहे हैं। हम विकास के नाम पर, ग्लोबल बनने के नाम पर एक ऐसे बाजार में तब्दील हो गये हैं, जहां महेन्द्र सिंह धोनी हमारा आदर्श है, और जहां सुजुकि 1000 पर लेटी मॉडल हमारा सपना है। लेकिन हम यह भूल जाते हैं कि धोनी क्रिकेट के मैदान पर है और उस मॉडल को अपने ऊपर लिटाए वो मोटरसाइकिल समुद्र के किनारे खड़ी है, जो बहुत सुरक्षित जगह हैं, और करोड़ों रुपये पाने वाली जगह हैं, लेकिन अयाजुद्दीन जैसे युवाओं के सामने खतरे ही खतरे हैं।
और उन मां-बापों को क्या कहा जाए, जो अपनी औलादों पर ऐसे खतरों की बारिश सी कर रहे हैं, क्योंकि पैसे के अम्बार ने उनके सोचने-समझने की ताकत कुंठित कर दी है। उनके नौनिहाल रफ्तार का मजा बढ़ाने को सुरापान करते हैं और अपनी विदेशी गाड़ियों से रात को फुटपाथ पर सोते लोगों को कुचल मारते हैं या अपनी जान गंवा देते हैं। ऐसी घटनाएं इस देश अब इतनी आम हो गयी हैं कि कोई ध्यान भी नहीं देता। मां-बाप को इसलिये कोई फिक्र नहीं क्योंकि कानून भी उनकी जेब में है।

धंधा उजड़ने..बसने का


राजीव मित्तल

पंद्रह..हां 15 सितम्बर....पल्टून पुल के सामने से बस पकड़ी और नोएडा के सेक्टर बारह में उतर ग्यारह तक चल कर सहारा के विशाल परिसर में। बाहर ही अरविंद झा दिखे तो पकड़ लिया.....अंदर तक धंसते जाने का सहारा। आप कब ज्वायन कर रहे हैं...पूछते हुए अपने साथ बधवार जी के कैबिन में ले गये...वहीं मिले पंडित उदयन शर्मा.....उदयशंकर...प्रभात डबराल। प्रभात से कई साल की दोस्ती...पांच महीने पहले इंटरव्यू में अपन को परखने वालों में इंद्रजित बधवार भी थे.....उदयशंकर से पहली मुलाकात और....

पंडिज्जी से पहली मुलाकात चंडीगढ़ में रमेश नैय्यर के घर पर और दूसरी....जब संडे आब्ज़र्वर निकालने की तैयारी कर रहे थे...चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचा और फोन कर नॉर्थ या साउथ एवेन्यू के उनके सांसदी बंगले में घुस गया था....बात अच्छे से की... पर उस साप्ताहिक अखबार की अपनी टीम में लिया नहीं..

देखते ही चहके...तुम कब आ रहे हो....कितने ऑफर लेटर तुम्हारे घर भिजवाये जाएँ .....मैं 21 को ज्वायन करूंगा...किसी ज्योतिषी से साइत निकलवायी है क्या...फिर खुद ही कागज पर कोई गुणा-भाग लगाया...यारदिन तो बहुत अच्छा चुना है....अब अपने को चैनल हेड बधवार जी से सेलरी पर बात करनी थी कि इंटरव्यू में जो तय हुआ था उसमें कटौती क्यों.....अरे तुम आओ तो सही चैनल शुरू होते ही सब ठीक हो जाएगा....

वहां से निकल यहां-वहां टूलने लगा....सहारा का वो कॉरपोरेट विंग इस कदर चकाचक कि मध्यमवर्गीय घबराहट तारी होनी शुरू....शुरू होने वाले न्यूज चैनल में ज्वायन किये चेहरे उसी में बैठाए गये थे.....तभी एक जानी-पहचानी आवाज...अरे...हमारे सर जी आ गये....बीआईटीवी में एंकर रह चुकी लुभावनी विभा तैलंग....सुबह के बुलेटिन में ज्यादातर साबका उसी से पड़ा...जरा सी गलती पर खूब फटकार झेलती.....लेकिन बुरा नहीं माना कभी ...अब यहां पर भी वही मुरीदपना.....

कम्प्यूटर पर खटर-पटर कर रहा वो चेहरा.... कभी कहीं देखा सा...याद्दाश्त पर जोर डाला...बीआईटीवी में एडिट बे की ओर जाती एक लड़की...हाथ में टेप...नजर और ध्यान गांडीवधारीअर्जुन का चिड़िया की आंख को भेदना जैसा....उसकी आवाजाही कुछ ही दिन रही...तुम बीआईटीवी में क्या कर रही थीं.....चेहरे पर बेहद आकर्षक मुस्कान...आप वहां थे क्या....था क्या...मैं ही था...मैं कुछ दिन ही वहां रही प्रोग्रेमिंग में......वो थी मुजफ्फरपुर वाली पंखुरी ..प्रमोद जोशी मिले...सुखद एहसास....संजय द्विवेदी दिखे.......

फिर लौट लिया .....अब बीआईटीवी छोड़ने का वक्त नजदीक है....एक बार फिर नाइट ड्यूटी लगवायी.........चार दिन की वो ड्यूटी करके ही विदा लूंगा....उदासी गहराती जा रही...घबरा कर एक दिन के लिये लखनऊ और एक दिन के लिये चंडीगढ़ निकल गया....लौट कर चार रात खूब हल्ला गुल्ला मचाया...सबको लग गया कि इसकी भी चला-चली की वेला है....शरारतें चालू आहे.... काम खत्म होने के बाद हमेशा की तरह पूरे हॉल की सारी कुर्सियां एक क्यूबिकिल में जमा देता.....ऐसा लगता की की पचासों भेड़ें बाड़े में बंद हैं....कोई भी आता तो उस दृष्य पर एक नजर जरूर डालता...चैनल हेड नंदन भी समझ जाते की हरकत किसकी है। दिन की ड्यूटी वाले आते और इस नामुराद को कोसते उस क्यूबिकिल से कुर्सी उठाते .......उन्हीं दिनों एक चस्का और लगा था.....रात में काम खत्म कर नौटंकी टाइप कुछ लिख कर जाना और फिर सबको टैग कर देना। जाने माने व्यंग्यकार उर्मिल थपलियाल को पढ़ कर खूब आनंद उठाया था...विधा उन्हीं की अपनायी। उन उदास दिनों में भी सब खूब मजा लेते..भावना तो यहां तक कहती कि इन सबका मंचन होना चाहिये।

अखिरी रात का विदाई संगीत..महफिल जमा के सबुह का बुलेटिन निकाला गया। कुछ कहे-सुने बिना सब कुछ कह पाने का यह अनोखा अंदाज सुबह को बहुत बोझिल बना रहा....नीचे उतर कर भटकने का मन कर रहा था.....लेकिन नंदन को इस्तीफा जो पकड़ाना है....दस बजे आ गए....तो तुम •ाी चले.....कैसे कहूं कि रुक जाओ.....मयूरविहार में ही रह रहे जहांगीर खान से पहले ही स्कूटर मांग लिया था...सहारा जाने और वहां ज्वायन करने को......अपना एलएमएल छुए तो सदियां हो गयी हों जैसे.... नीचे छोटी सी कोठरी में खड़ा टसुए बहा रहा है।

रात वाले सब चले गए थे...दिन वाले अ•ाी आए नहीं थे...दर ओ दीवारों पर निगाह डाल स्कूटर •ागा दिया नोएडा की तरफ और ज्वायनिंग दे दी.......आठ घंटे का नया बसेरा...ज्यादातर ताजातरीन चेहरे....ऊपर से नीचे तक बांध लेने वाले माहौल के बाद इन अजनबियों में अब अपने को रमाना है......जो घर फूंके आपनो वो चले चले हमारे साथ....जैसों को तलाशना है...और यह •ाी नहीं •ाूलना है....चंद दिन था बसेरा हमारा यहां....हम तो मेहमान थे घर तो उस पार था......



शनिवार, 4 अगस्त 2012

कितने साल हो गए

राजीव मित्तल


कल भी  हमेशा की तरह कहीं खोया हुआ था..अचानक निगाहें बाजार की रौनक पर ठहर गयीं। दुकानें राखियों से सजी हुई थीं..सभी  पर खूब भीड़..वहां से ऑफिस  पांच मिनट की दूरी पर..उन पांच मिनट में बीते समय के सारे खिड़की दरवाजे अपने आप खुलते चले गए..ऑफिस  पहुंचा तो रक्षाबंधन के लिये छुट्टी के कई आवेदन..शाम को चियां से फोन पर बात हुई..यह वाकया बताया तो बोली..आप इस पर लिखिये..अरे नहीं..कितना कुछ खंगालना पड़ेगा..कितना कुछ छिपाना पड़ेगा..पर, वो अड़ गयी..

राखियां दुकानों पर सजी देख दाहिने हाथ की कलाई पर निगाह गयी..उस पर कई दिन पहले का अमरनाथ यात्रा से लौटे मुकेश का लाल धागा बंधा हुआ था। बदरंग हो चुका है..

कनु.. तुम्हें याद है तुमने कब मुझे राखी बांधी थी और मैंने खूब मिठाई खायी थी..
मीठे के पीछे मेरे पागलपन को लेकर तुम कहा भी  करती थीं..मम्मी..इसकी शादी हलवाई की लड़की से करना।

हम दोनों ने कितना वक्त साथ-साथ गुजारा..

बालविद्या  मंदिर स्कूल के  उस कमरे में दो खिड़कियां थीं ..एक सामने..दूसरी बायीं तरफ.. एक पर तुम और एक पर मैं..दोनों से ही आकाश दिखायी पड़ता था..हम दोनों जब कई-कई दिन एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे होते थे..या तो किसी किताब में आंखें गढ़ाए होते या उन्हीं खिड़कियों से बाहर झांक रहे होते..अचानक तुम उठतीं..कुछ बना कर लातीं..और प्लेट मेज पर रख देतीं..कमरा उसी तरह खामोशी से भरा होता..फिर तुम अपनी पढ़ाई में लग जातीं और मैं..और भी  अकेला हो जाता..

जब हम दोनों कनखियों से एक-दूसरे को देख देख अबोलेपन से उकता जाते तो मैं मां से तुम्हारी दो महीने पहले की किसी बात की शिकायत करते हुए आंसू बहाने लगता और तुम मुझे चुप कराने में लग जातीं..कमरा फिर गुलजार हो जाता।

तुम पढ़ाई में बहुत तेज थीं..आंखों की पीड़ा के  बावजूद तुम्हारा रिजल्ट शानदार रहता.. और मैं.. बिल्कुल नामुराद..

तुम्हें याद है कनु..मेरे एक्जाम करीब थे..और मैंने किताब खोल के भी  नहीं देखी थी..तुम अपने कॉलेज के एक टीचर को लायी थीं..ताकि मैं फेल न हो जाऊं..साथ में उनका दोस्त भी  था..तुमने मिलवाया..और आदतन बोल पड़ीं..यह गाता बहुत अच्छा है..तो ट्यूशन की शुरुआत गाने से हुई।

तुम्हारा यही राग था..जिससे भी  मिलवाओ..अपनी दोस्तों से..सभी  के यहां तुम मुझे पकड़ कर ले जाती थीं..तो उनके घरवालों से भी ..बस एक ही बात..इसका गाना..

उन बरसातों में हम दोनों भीगते-भीगते भातखंडे म्यूजिक कॉलेज के प्रिंसीपल के रूम में घुसे थे। अहसान जताते हुए बैठा तो लिया था, पर एडमिशन के नाम पर साफ मना कर दिया..आप दो महीना लेट हो गए हैं..तब तुमने गुजारिश की थी..कुछ सुन तो लीजिये..सुना तो फौरन ले लिया..तुम कितना खुश हुई थीं..

होली से दो दिन पहले तुम अपनी एक दोस्त के घर ले गयीं। तुम तो गीता के साथ पढ़ने बैठ गयीं..उसकी मम्मी मुझे गुंझिया बनाना सिखाती रहीं  और मेरे गाने सुनती रहीं । दो बेटियां..बेटा नहीं था..आवभगत खूब होती..फिर तो अगले दस साल तक गीता के घर का मैं सबसे चहेता प्राणी बन गया था..उसके पापा भी  कितना मजा करते थे न हमारे साथ..नीचे मकान मालिक के यहां तक से वाह-वाह की आवाजें आतीं..
हम कितना साथ-साथ रहते थे..हम दोनों ने न जाने कितनी फिल्में देखीं..और..

जहां जाना हो साथ-साथ..तुम पांच फुट की गिट्टी सी.. ..तुझे देखने को तो गर्दन पूरी ऊपर उठानी पड़ती है।

धत्त..अब मैं तुझे कहीं ले कर नहीं जाऊंगी..सब तेरी ही परवाह करते हैं।

मां कहतीं..इसको भी  अपने साथ पढ़ने बैठा लिया कर..पढ़ते तो हैं साथ-साथ..खरीदी कौड़ियों  के मोल..चौरंगी..बेगम मेरी विश्वास..क्राइम एंड पनिशमेंट..ये सब कहानी किस्से नहीं पढ़ो..कोर्स की किताबें..तब तो यह मुझे भी  फेल करा देगा..

तुम्हें याद है उस तोते की..तुम उसे कुछ न कुछ सिखाने में लगी रहतीं..मैं बम्बई चला गया था..एक दिन तुम्हारा फोन आया..तुम रो रही थीं..तोता उड़ गया राजी..तो मैने तुम्हें कितना समझाया था..वैसे तो हम दोनों रायबरेली से ही तोतों के न रहने, उनके उड़ जाने, बिल्ली का शिकार बन जाने का गम पालते और अगली कोशिश में लग जाते। एक बार मैं पेड़ पर चढ़ कर तीन नवजात उठा लाया था। तुमने कितने दुलार से उन्हें बड़ा किया था..इतने छोटे कि पिंजरे में क्या रखते..उस दिन पंख फड़फड़ाए..उड़ान भरी..निकल लिये..कौन किसको दिलासा देता..

मैं एमए करने बाहर चला गया..जब छुट्टियों में आता..तुम पहले से ही सारे प्रोग्राम तय कर लेतीं..जाड़ों में एक स्वेटर बुना हुआ मिलता..तुम एक अमेरिकी लड़की को ट्यूशन दे रही थीं ..वो कमरे में आते ही योग आसन करने लगती..तुम्हारी एक दोस्त थीं भूमा दीदी..उनके पति केजीएमसी में प्रोफेसर थे..उनके यहां कितना जाते थे..

उन दिनों तुम कई सारे काम एक साथ कर रही थीं..पीएचडी..एक और एमए..और..रशियन में डिप्लोमा..तुम्हारे साथ अक्सर यूनिवर्सिटी जाता..तुम अपने प्रोफेसरों से..दोस्तों से मिलवातीं..

रशियन की मैडम साबिरा हबीब..देखते ही ठान लिया कि एडमिशन तो लेना ही लेना है। तुम्हारे हाथ-पांव जोड़े..बड़े नखरे कर उनसे मिलवाया..एडमिशन हो गया..कुछ दिन बाद हम दोनों रूसी भाषा में बात करने लगे।

बाप रे.. तुमने तो कमाल ही कर दिया था.. तुम्हें अपनी क्लास की एक लड़की बहुत पसंद थी..उसे अक्सर घर लातीं..वो मुझे पसंद करने लगी..मैं बेपरवाह..तुम उसकी हामी जान कर मेरे पीछे पड़ गयीं..घर-भर  को इकट्ठा कर लिया ..अनिल जनविजय से खूब सारी बंगाली मिठाई मंगवायी थी तुमने..
मेरे मना करने पर तुम क्या नाराज हुई थीं..ढाई महीने तक बोलचाल बंद..

एक दिन तुम डॉ. मीरा हो गयीं..नाना जी..जब तुम छोटी सी थीं..फ्रॉक पहनती थीं..तुमको यह कह कर बुलाया करते थे..
बस.. फिर..हम दोनों कहीं खो गए..

हाथ में मुकेश का अमरनाथ से लाया धागा बंधा है..बेजान सा..अभी  उतारने का मन नहीं कर रहा लेकिन..